रामपुर बुजुर्ग। प्रतापपुर-नौतन मुख्य मार्ग पर बिहार प्रांत की नौतन पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान 1350 पाउच देसी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवरिया जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव निवासी विवेक यादव के रूप में हुई है।
नौतन एसओ जीतमोहन कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से एक स्कॉर्पियो में शराब लादकर बिहार लाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने यूपी से आने वाले मार्गों पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। शाहपुर मार्ग पर एक स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान वाहन से 1350 पाउच देसी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी पर उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।