संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। लार थाना क्षेत्र के एक कबाड़ की दुकान पर काम कर रहे मुर्शिदाबाद (मालदह) के छह लोग अचानक भाग गए।
जानकारी होने पर मंगलवार को पहुंची पुलिस ने दुकानदार से पूछताछ कर भागे लोगों की तस्दीक करने में जुट गई। एलआईयू भी इनके बारे में गोपनीय जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा मुर्शिदाबाद से आए 120 लोगों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मेहरौना चेकपोस्ट के रास्ते मुर्शिदाबाद की दो बसों में एक समुदाय के 120 लोग दाखिल हुए है। इसके एक सप्ताह पहले 50 की संख्या में पहुंचे किशोरों के भी बलिया जिला के एक मदरसा में जाने की सूचना है। बंगलादेशी और रोहिंग्या के जिले में घुसपैठ करने की आशंका लोग जता सोशल मीडिया पर खबरें वायरल करने लगे। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस इनकी तलाश करने में जुट गई है।
इसी बीच मंगलवार को मेहरौना बाजार के एक कबाड़ की दुकान से फेरी लगाकर कबाड़ खरीदने वाले मुर्शिदाबाद के एक समुदाय के छह लोग फरार हो गए।
यह सूचना किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। हरकत में आई पुलिस आनन-फानन दुकान पर पहुंच गई और दुकानदार से काफी देर तक पूछताछ करती रही। दुकानदार का कहना है कि फरार लोग भारतीय नागरिक हैं। उनसे जुड़े कागजात भी उनके पास है।
उधर, तीसरे दिन मंगलवार को भी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बाहर से आए लोगों का सत्यापन अभियान चलाया गया। अब तक की जांच में एक के भी अवैध रूप से जिले में होनी की पुष्टि नहीं हुई है।
एलआईयू ने भी कोई रिपोर्ट नहीं दी है। मेहरौना चौकी प्रभारी धर्मेंद्र मिश्रा ने बताया कि अचानक फरार होने की सूचना पर कबाड़ी की दुकान पर गया था। जानकारी जुटाई गई है। फरार हुए छह लोगों की तलाश की जा रही है। सीओ दीपक शुक्ला ने बताया कि सत्यापन के लिए पुलिस टीम लगी हुई है।