- खुखुंदू थाने में तैनात एसआई चल रहे लाइन हाजिर
खुखुंदू। एसआई पर दलित उत्पीड़न के लगे आरोप का मामला अब राज्यपाल के पास जा पहुंचा है। खुखुंदू चौराहा निवासी विशाल गोड़ लखनऊ जाकर प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। राज्यपाल के यहां से मामला जांच के लिए एसपी देवरिया के यहां आ चुका है। हालांकि, इन दिनों संबंधित एसआई लाइन हाजिर चल रहे हैं।
विशाल गोड़ पुत्र लखीचंद गोड़ का आरोप है कि 16 दिसंबर 2025 को दुकान पर खुखुंदू थाने में तैनात एसआई, सिपाही और तीन अज्ञात पुलिसकर्मी आए। इसके बाद जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली देते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की धमकी दी। विरोध करने पर मारने-पीटने लगे। आरोप है कि, इसी दौरान दुकान पर बैठकर चाय पी रहे खुखुंदू निवासी निशांत कुमार राय ने बीच-बचाव किया तो वह लोग उनसे भी उलझ गए और एसआई ने उनका मोबाइल तोड़ दिया।
आरोप है कि, इसके बाद एक प्रकरण में गिरफ्तार कर ले जाने लगे। विशाल ने कहा कि, उच्च न्यायालय ने गिरफ्तारी पर रोक लगाई है। फिर उसे और भाई सोनू को लेकर चले गए। एक दिन बाद गिरफ्तारी दिखाकर जेल भेज दिया गया। जमानत पर छूटने के बाद घटना की सूचना तत्कालीन खुखुंदू थानेदार और एसपी को दी। मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। अब विशाल ने राज्यपाल से न्याय की गुहार लगाई है।