सीएमओ ने एक प्राथमिक और दो नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
संस्थागत प्रसव बढ़ाने के लिए निर्देश
न्यू पीएचसी किशुनपाली अस्पताल में गंदगी मिलने पर दी हिदायत, व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सुदृढ़ करने और मरीजों की मिल रहीं सुविधाओं का जायजा लेने के लिए सीएमओ ने सोमवार को एक प्राथमिक और दो नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान न्यू पीएचसी सोमनाथ में तीन स्वास्थ्य कर्मी के समय से पहले ड्यूटी से जाने पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। न्यू पीएचसी किशुनपाली अस्पताल में गंदगी मिलने पर फटकार लगाते हुए व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
सीएमओ डॉ. राजेश झा दोपहर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर कारखाना पहुंचे। यहां डॉक्टर सहित सभी कर्मचारी मौजूद थे। सीएमओ ने एमओआईसी और स्टाफ नर्स को संस्थागत प्रसव बढ़ाने के निर्देश दिए। इलाज के लिए आए मरीजों का हाल जाना और तीमारदारों से सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किशुनपाली पहुंचे। सीएमओ ने सबसे पहले दवाखाना का निरीक्षण किया। वहां तैनात फार्मासिस्ट से दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। काउंटर पर आए मरीजों से दवा मिलने के बारे में पूछा। उन्होंने अस्पताल के अंदर सफाई व्यवस्था पर फटकार लगाते हुए लेबर रूम, अस्पताल परिसर में साफ सफाई की व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। एमओआईसी रामपुर कारखाना को फोन से पैथोलॉजी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। यहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने 12 दिन से बिजली न होने की शिकायत की। इस पर सीएमओ ने जेई से फोन कर बिजली समस्या दूर करने के निर्देश दिए।
यहां से सीएमओ नया प्राथमिक केंद्र सोमनाथ पहुंचे। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों की जानकारी और रजिस्टर की जांच के बाद पता चला कि कुछ स्वास्थ्यकर्मी समय से पहले अस्पताल से चले गए थे। इसपर सीएमओ ने नाराजगी जाहिर की और स्पष्टीकरण तलब किया है।