करीब एक घंटे बाद बस गंतव्य के लिए रवाना हो गई।
- फोटो : अनूप तिवारी
देवरिया। सहोदरपट्टी जा रही रोडवेज की बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। चालक, परिचालक समेत इसमें सवार 13 लोग बस से कूद गए। आसपास के लोगों ने बालू फेंककर आग बुझाई।
बाद में ठीक कर इसे गंतव्य के लिए रवाना किया गया। चालक दुर्गा प्रसाद मिश्र और परिचालक रंजीत सिंह शनिवार शाम पांच बजे बस लेकर सहोदरपट्टी के लिए निकले। बस में 11 सवारी थी यानी कुल मिलाकर 13 लोग सवार थे। बस जैसे ही डीएम बंगला के पास पहुंची सेल्फ में शॉर्ट सर्किट हो गई। इससे आग निकलने लगी। यह देखकर चालक खुद उतर गया और सभी यात्री भी जल्दबाजी में उतरे।
कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल हो गया। यह देखकर आसपास के लोगों ने बालू फेंककर आग बुझाई। चालक और परिचालक ने मामले की जानकारी रोडवेज के अधिकारियों को दी।
अधिकारियों ने खराबी ठीक करने के लिए मौके पर मकैनिक भेजा। मकैनिक ने खराबी ठीक कर दिया। करीब एक घंटे बाद बस गंतव्य के लिए रवाना हो गई। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रत्नेश कुमार उपाध्याय का कहना है कि बस के सेल्फ में शॉर्ट सर्किट हो गया था। जिससे आग निकलने लगा। खराबी ठीक करा दी गई।