संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। शहीद रामचंद्र इंटर कॉलेज बसंतपुर धूसी के खेल मैदान में चल रहे दो दिवसीय तहसील स्तरीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का समापन बृहस्पतिवार को हुआ। इसमें 19 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
मेजबान शहीद रामचंद्र इंटर कॉलेज ने 23 गोल्ड, 26 सिल्वर व 18 ब्रांज मेडल जीतकर विजेता बना। अशोक इंटर कॉलेज डुमरी रामपुर कारखाना 8 गोल्ड, 8 सिल्वर व 11 ब्रांज मेडल जीतकर दूसरे स्थान पर रहा। कंपोजिट विद्यालय नारायणपुर ने 8 गोल्ड, 4 सिल्वर व 11 ब्रांज जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी अब जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष जनार्दन कुशवाहा, खंड शिक्षाधिकारी विजय कुमार ओझा व प्रधानाचार्य डॉ. स्वतंत्र यादव ने ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। नगर अध्यक्ष ने खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि खेल से व्यक्ति के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है। मैं इसी विद्यालय का विद्यार्थी रहा हूं, मुझसे जितना हो सकेगा इस विद्यालय की उन्नति के लिए प्रयास करूंगा। प्रधानाचार्य डॉ. स्वतंत्र यादव ने कहा कि यह विद्यालय राजकीय इंटर कॉलेज के बाद सबसे पुराना है। यहां बच्चों की पढ़ाई के साथ ही खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। इसका प्रतिफल है कि यहां के बच्चों ने 23 गोल्ड मेडल जीतकर विद्यालय को प्रथम स्थान दिलाया है।
बीइओ ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को बेहतर प्लेटफार्म प्राप्त हुआ है। यही बच्चे एक दिन प्रदेश और देश में अपना नाम रोशन करेंगे। दूसरे दिन की प्रतियोगिता के दौरान अंडर 19 चक्र क्षेपण बालक वर्ग में विवेक शर्मा प्रथम, अभिषेक द्वितीय व रोहन सिंह तृतीय रहे।अंडर 17 त्रिकुट बालक वर्ग में प्रीतम प्रथम, धीरज प्रसाद द्वितीय व शाहिल तृतीय रहे। अंडर 17 त्रिकुट बालिका वर्ग में ललिता यादव प्रथम, निधि चौरसिया द्वितीय व अंजलि सिंह तृतीय रहीं। भाला फेंक में विवेक शर्मा प्रथम, अभिषेक द्वितीय व आकाश चौहान तृतीय स्थान पर रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में शहीद रामचंद्र इंटर कॉलेज प्रथम व अशोक इंटर कॉलेज डुमरी द्वितीय स्थान पर रहे। निर्णायक की भूमिका में गेम टीचर अवधेश सिंह, दीपू राव, अजीत कुमार पटेल, निशांत मिश्र, रामजी कुशवाहा आदि रहे। इस दौरान प्रवक्ता विनोद शाही, मुनेब प्रसाद, सतीश शर्मा, सपना श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।