देवरिया। जिले के संस्कृत विद्यालयों के दिन बहुरने वाले हैं। इन विद्यालयों के जर्जर भवनों के लिए प्रोजेक्ट अलंकार के तहत सरकार से मदद मिलने वाली है। इसके लिए अभी सात विद्यालयों का चयन किया गया है। प्रत्येक विद्यालय को सरकार 25 लाख रुपये अनुदान देगी।
जिले में 31 संस्कृत माध्यमिक विद्यालय हैं। इनमें से अधिकांश भवन काफी जर्जर स्थिति में हैं। इनकी दशा सुधारने के लिए सरकार ने माध्यमिक विद्यालयों की तरह प्रोजेक्ट अलंकार के तहत जीर्णोद्धार की योजना बनाई है। इसके तहत 50 वर्ष से पुरानी मान्यता वाले कम से कम 100 छात्र संख्या वाले विद्यालयों को इसमें शामिल किया गया है। इसमें अनुदान राशि के पांच प्रतिशत धनराशि के बराबर धन विद्यालय के प्रबंधक को सरकार के खाते में जमा करानी होगी। इसके बाद अनुदान की धनराशि जारी की जाएगी। इस योजना के तहत जिले के सात विद्यालयों ने आवेदन किया है। इसमें शिवस्मारक संस्कृत उच्च माध्यमिक विद्यालय दोगारी मिश्र, देवकली नाथ संस्कृत उच्च माध्यमिक विद्यालय बरपार, गौतम ऋषि संस्कृत माध्यमिक विद्यालय पिपरा रामधर, भागवत दास संस्कृत उच्च माध्यमिक विद्यालय बघौचघाट, शारदा संस्कृत उच्च माध्यमिक विद्यालय फरियांवडीह, पूर्णानंद संस्कृत उच्च माध्यमिक विद्यालय बांसी और श्री देवी श्यामसुंदरी संस्कृत उमावि अगया मझगावां शामिल हैं।
प्रत्येक विद्यालय को मिलेंगे 25 लाख रुपये
चुने गए सात विद्यालयों के प्रबंधतंत्र ने अपने हिस्से की पांच प्रतिशत धनराशि जमा कराने की हामी भर दी है। करीब तीन विद्यालयों ने पांच प्रतिशत अंशदान का 50 हजार रुपये जमा कर दिया है। बाकी भी जमा करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद इनको अनुदान की पहली किस्त कुल धनराशि के 40 प्रतिशत के बराबर जारी कर दी जाएगी। निर्माण के दौरान दो चरणों में 40 व 20 प्रतिशत की धनराशि भी जारी कर दी जाएगी।
जिलास्तरीय समिति करेगी निगरानी
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति प्रोजेक्ट अलंकार के तहत निर्माण की स्वीकृति से लेकर निर्माण की गतिविधियों पर नजर रखेगी। विशेष रूप से जिला विद्यालय निरीक्षक को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। गुणवत्ता और नक्शा के अनुसार निर्माण समेत सभी चीजों पर डीआईओएस समिति की ओर से नजर रखेंगे।