सीएम ने भाटपाररानी के मल्हना में जिले के दूसरे स्टेडियम का भी लोकार्पण कर दिया, पर अब तक नहीं हुआ शुरू
.. युवा पेज के लिए प्रस्तावित
बिना पूरा तैयार हुए ही जनपदीय अधिकारियों ने आनन-फानन करा दिया लोकार्पण
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते आठ अप्रैल को राजकीय इंटर कॉलेज में विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया था। इसमें भाटपाररानी के मल्हना में बनकर तैयार जिले के दूसरे स्टेडियम का भी लोकार्पण हुआ था। हालांकि इसके बाद भी यह स्टेडियम खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध नहीं हो पाया है। इससे ग्रामीण क्षेत्र में खेल की प्रतिभाओं को हुनर दिखाने का मंच भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
भाटपाररानी तहसील क्षेत्र के मल्हना में पिछले नौ साल से बन रहे स्पोर्ट्स स्टेडियम अब तक खेल विभाग को हैंडओवर नहीं हो पाया है। अब तक इसके निर्माण पर सात करोड़ रुपये से अधिक धन खर्च हो चुके हैं और अभी यहां कई कार्य शेष हैं। खास बात यह है कि निर्माण प्रक्रिया पूरा हुए बिना ही जनपदीय अधिकारियों ने आनन-फानन मुख्यमंत्री से इसका लोकार्पण भी करा दिया। स्टेडियम खेल विभाग को मिल जाने के बाद इसमें प्रतियोगिताओं के दौरान बाहरी टीमों को ठहराने की व्यवस्था एवं प्रतिदिन अभ्यास करने वाले खिलाडिय़ों को सहूलियत होगी।
पूर्व खेल मंत्री के सपने को परवान नहीं चढ़ा सके जिम्मेदार
भाटपाररानी के पूर्व विधायक एवं वर्ष 2012 में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रहे कामेश्वर उपाध्याय के प्रयास से जिले में दूसरे स्पोर्ट्स स्टेडियम की नींव पड़ी थी। इसके लिए यहीं के मल्हना गांव में पांच एकड़ की जमीन ढूंढ़ी गई और निर्माण एजेंसी के रूप में यूपी प्रोजेक्ट कार्पोरेशन लिमिटेड गोरखपुर को चुना गया। 10 साल बीत चुके हैं और स्टेडियम के निर्माण पर अब तक सात करोड़ से अधिक की धनराशि खर्च की जा चुकी है। यहां चहारदीवारी का निर्माण, दोनों तरफ प्लास्टर, पवेलियन के पिलर, इसके ऊपर शेड, ट्यूबेल, ओवरहेड टैंक, मिट्टी भराई का कार्य करीब-करीब पूरा हो चुका है। इसके पहले दर्शक दीर्घा, टॉयलेट ब्लॉक, मुख्य गेट, प्रशासनिक भवन, इसके ऊपर जिम्नेजियम हॉल, चेंज रूम, स्टोर आदि का निर्माण डेढ़ साल पहले ही पूरा हो चुका है।
- फुटबाॅल एवं कुश्ती सेंटर बनाने की खेल विभाग की योजना
खेल विभाग नए स्टेडियम को फुटबाॅल एवं कुश्ती सेंटर के रूप मेें विकसित किए जाने की योजना बना रहा है। हैंडओवर के बाद खिलाड़ियों को यहां 400 मीटर का रनिंग ट्रैक, ग्राउंड, वाॅलीबाल, टेबल टेनिस, जिम सेटअप की सुविधा उपलब्ध होगी। सबसे खास बात यह है कि स्टेट प्रतियोगिताओं के दौरान बाहरी टीमों को यहां ठहराया जा सकेगा।
-
भाटपाररानी के स्पोर्ट्स स्टेडियम के हैंडओवर की प्रक्रिया चल रही है। ग्राउंड में मिट्टी भराई और रनिंग ट्रैक बनाए जाने का कार्य चल रहा था, इसी के चलते इसमें देरी हो रही थी। खेल निदेशालय को भी इसकी रिपोर्ट बनाकर भेज दी गई है।
.....राज नारायण प्रसाद, क्रीड़ाधिकारी