पुलिस को देख शव छोड़कर भागे ससुराल वाले
देवरिया। सदर कोतवाली के रजला गांव में शनिवार की देर शाम महिला की की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। परिजन शव को देर रात तक छिपाए रखे और आधी रात में शव लेकर श्मशान घाट पहुंच गए और चिता सजा कर आग लगा दी। इसी बीच किसी ने सूचना महिला के भाई को दी तो उसने पुलिस को फोन कर दिया। मौके पर पहुंचे कोबरा पुलिस के जवानों ने जलती चिता से शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के भाई ने पति सहित तीन के खिलाफ बहन को जान से मार कर सबूत मिटाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र के सिकटिया वन गांव निवासी सुभाष पटेल की बेटी सरिता (28) की शादी सदर कोतवाली के रजला गांव निवासी धर्मेंद्र पटेल पुत्र छेदी पटेल के साथ हुई थी। शाम को महिला की संदिग्ध हाल में मौत हो गई लेकिन इसकी सूचना मायके वालों को नहीं दी। परिजन शव को लेकर करीब साढ़े ग्यारह बजे कुर्ना नाले के किनारे श्मशान घाट पर पहुंच गए। चिता सजाकर आग लागा दी। इसी बीच महिला के भाई ने घटना के बारे में सूचना डायल 112 को दी। मौके पुलिस पहुंची तो दाहसंस्कार करने पहुंचे लोगों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने कुछ लोगों के सहयोग से चिता से शव को उतरवाया। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के भाई ऋषिमुनी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर पति सहित तीन पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि उसकी बहन को ससुराल के लोग उपेक्षित रखते थे। मृतक महिला की एक बेटी और एक बेटा है। कोतवाल राजू सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
सुरक्षित रखा गया विसरा
सरिता दो दिन पहले मायके रिश्तेदारी में अपनी बेटी कल्पना और अनूप के साथ गई थी। उसके भाई ने बताया कि वह शिकायत करती थी कि उसके ससुराल के लोग खर्चा नहीं दे रहे है। आए दिन जान से मारने की धमकी देते है। करीब तीन साल पहले भी विवाद हुआ था, काफी समझाने के बाद मामला शां तो गया था। उधर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद विसरा को जांच के लिए भेजने को सुरक्षित रखा है।