संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। लोकसभा चुनाव की मतगणना मंगलवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतगणना क़रीब छह बजे तक जीत-हार के निर्णय तक पहुंची। निगरानी के लिए दोनों मतगणना स्थलों को पूरी तरह से सीसीटीवी कैमरे से लैस किया गया था, वहीं, सुरक्षा के दृष्टिगत बड़ी संख्या में पुलिस व एसएसबी के जवान तैनात किए गए थे।
देवरिया लोकसभा, आंशिक लोकसभा बांसगांव व सलेमपुर की भी मतगणना मंगलवार को ज़िले में हुई। देवरिया लोकसभा क्षेत्र के पथरदेवा विधानसभा, रामपुर कारखाना व देवरिया सदर विधानसभा की मतगणना देवरिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल पुरवा में हुईं। वहीं, सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के भाटपार रानी, सलेमपुर विधानसभा व बांसगांव लोकसभा क्षेत्र के बरहज, रुद्रपुर विधानसभा की मतगणना महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में हुई। मतगणना के दौरान निगरानी के लिए दोनों ही मतगणना स्थलों पार बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। मतगणना के लिए लगे टेबल से लेकर मतगणना स्थल के बाहर तक निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे।
मतगणना स्थल में प्रवेश करने पर सभी लोगों की बाकायदा तलाशी ली जा रही थी, तभी अंदर प्रवेश दिया जा रहा था। तलाशी के लिए पुलिस कर्मी लगाए गए थे।
डीएम व एसपी मतगणना स्थल का लेते रहे जायजा
डीएम अखंड प्रताप सिंह व एसपी संकल्प शर्मा सुबह से ही मतगणना स्थल का जायजा लेते रहे। वे हर पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। मतगणना स्थल डीएसएसएस व महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज पहुंचकर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का हाल जाना। इसके बाद स्ट्रांग रूम के अंदर पहुंचकर वहां चल रही मतगणना को देखा। इसके बाद मौके पर तैनात एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएसएसएस मतगणना केंद्र पर एएसपी के अलावा सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी, सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला, कोतवाल वेद प्रकाश शर्मा, सलेमपुर कोतवाल उमेश वाजपेयी, भलुअनी इंस्पेक्टर अर्चना सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मी व अर्धसैनिक बल के जवान मुस्तैद रहे।