देवरिया। बैतालपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 के सभासद बद्रीनाथ गुप्ता का नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी पर आरोपों की झड़ी लगाते हुए आत्मदाह करने की चेतावनी देने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था। जिसे संज्ञान में लेकर मंगलवार को एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी पुलिस टीम के साथ नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। इसके बाद सभासद के साथ अध्यक्ष व ईओ को बैठाकर समस्याओं के निदान का निर्देश दिया। नगर पंचायत वार्ड नंबर 10 के सभासद बद्रीनाथ गुप्ता सोमवार का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल किया था।
इसमें आत्मदाह की धमकी देते हुए ईओ अमिताभ मणि और नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता प्रकाश पासवान पर गम्भीर आरोप लगाया था। सभासद का कहना था कि दोनों लोग आपसी तालमेल कर विकास कार्यों के पैसे का बंदरबांट कर रहे है। एक वर्ष से मेरे द्वारा कराए गये विकास कार्यों का पेमेंट नहीं किया गया है। एसडीएम ने ईओ को आदेशित किया कि अगर विकास कार्य नियमानुसार सही हैं तो भुगतान कराएं। साथ ही शासनादेश के अंतर्गत प्रत्येक माह में एक बोर्ड की बैठक कर सभी सदस्यों से विकास कार्यों के प्रस्ताव पारित कर टेंडर की प्रक्रिया को अमल में लाया जाना सुनिश्चित कराएं।