तरकुलवा। पथरदेवा ब्लॉक के ग्राम पंचायत मलवाबर बनरही में वर्ष 2020 में नियम विरुद्ध आवंटित किए गए पट्टे को एसडीएम ने निरस्त कर दिया है। यह कार्रवाई गांव के एक व्यक्ति की शिकायत पर हुई है। इससे गांव में हड़कंप मच गया है।
ग्राम पंचायत मलवाबर बनरही में वर्ष 2020 में 48 लोगों को राजस्व विभाग से पट्टे का भूमि आवंटन किया गया था। इसको लेकर गांव के गोबरी ने वर्ष 2021 में जिला प्रशासन को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि ग्राम प्रधान ने अपने चहेते अपात्र लोगों से पैसे लेकर पट्टे का आवंटन कर दिया है जबकि गांव के तमाम भूमिहीन लोग पट्टे से वंचित रह गए हैं।
प्रशासन ने जब इसकी जांच कराई तो पता चला कि तीन साल गुजर जाने के बाद भी अधिकांश लोग पट्टे की जमीन पर कब्जा नहीं किए हैं। साथ ही पट्टा आवंटन के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितता बरती गई है। इसके लिए गांव में न तो कोई खुली बैठक की गई है और न ही डुग्गी-मुनादी कराई गई है। इसे गंभीरता से लेते हुए उप ज़िलाधिकारी ने सभी आवंटित 48 पट्टों को निरस्त कर दिया है।
उप जिलाधिकारी श्रुति शर्मा ने बताया कि पट्टा आवंटन में अनियमितता पाए जाने पर पूर्व में आवंटित 48 लोगों के पट्टे को निरस्त कर दिया गया है।