सलेमपुर। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर पांच हरैया में एक जमीन को लेकर चल रहे विवाद का निपटारा कराने सोमवार को एसडीएम और तहसीलदार राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। अफसरों की मौजूदगी में दोनों पक्ष की सहमति पर जमीन की पैमाइश कराई गई।
दोनों पक्ष जमीन को अपना बता रहे थे। इस पर एसडीएम ने दोनों पक्ष को मौके पर यथास्थिति बनाए रखने और मामले का निपटारा दीवानी न्यायालय से कराने का निर्देश दिया। जानकारी के मुताबिक, सलेमपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच हरैया में सड़क के किनारे एक जर्जर मकान है। इस पर तहसील क्षेत्र के रामपुर बछउर गांव के मतिजू निशा पत्नी अज़ीमुल्ला, अनीश आलम आदि पुत्र नियमुल हक एवं गुलशन निशा पत्नी शोबराती का कब्जा है। मतिजू निशा पक्ष के लोगों का कहना है कि 1972 में उन्होंने बैनामा लिया था।
वहां मकान का निर्माण कर परिवार के साथ रह रहे हैं। कुछ दिन पहले उनके एक हिस्सेदार ने एक व्यक्ति को बैनामा कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के जवाहर जायसवाल के पुत्र व भाजपा के जिला मंत्री अभिषेक जायसवाल ने दावा किया कि जर्जर मकान उनके दादा ने बनवाया था।
उन्होंने प्रथम पक्ष को रहने के लिए दिया था। इस पूरे प्रकरण में दोनों पक्षों द्वारा अपनी-अपनी भूमि की रजिस्ट्री का जो कागज दिखाया गया वह अलग-अलग नंबरों में है, जिससे विवाद और जटिल हो गया।
सोमवार को एसडीएम दिशा श्रीवास्तव, तहसीलदार अलका सिंह, नायब तहसीलदार भटनी हरि प्रसाद के साथ मौके पर पहुंचीं और दोनों पक्ष के लोगों की बात को सुना। इसके बाद जमीन की पैमाइश कराई गई।