एसडीएम व सीओ ने सिपाही के कमरे की तलाशी ली
पकड़े गए शराब लदे ट्रकों से शराब की पेटियां गायब करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
लार/मेहरौनाघाट। सिपाही के कमरे में अंग्रेजी शराब मिलने की सूचना पर सीओ और एसडीएम ने मेहरौना चेकपोस्ट पहुंचकर एक सिपाही के कमरे की तलाशी ली। इस दौरान चौकी पर तैनात अन्य सिपाहियों में हड़कंप मच गया। घंटों चली कार्रवाई में शराब की बरामदगी नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि सिपाही चेकपोस्ट पर पकड़े गए शराब लदे ट्रकों से अक्सर शराब की पेटियां गायब करता है। आसपास के दुकानदारों के यहां भी पेटियां रखता है। दो दिन पूर्व भी उसका एक ऑडियो वायरल हुआ था। चार दिन पूर्व थाना क्षेत्र के एक गांव के एक शख्स ने सीओ सलेमपुर वरुण मिश्रा और एसडीएम ओमप्रकाश बरनवाल को फोन कर सूचना दी कि मेहरौना चेकपोस्ट पर तैनात एक सिपाही पकड़े गए शराब वाले ट्रकों से शराब की कुछ पेटियां बाइक पर रखकर कहीं ठिकाने लगाने के चक्कर में है। इस बात पर सक्रिय हुए सीओ और एसडीएम रविवार को चेकपोस्ट के पीछे उसके कमरे पर पहुंचे। घंटों चली कार्रवाई में सिपाही इधर-उधर भागता रहा। हालांकि, उसके कमरे से शराब की बरामदगी नहीं हो पाई। घंटों चेकपोस्ट पर सीओ और एसडीएम के जमे रहने से बिहार और यूपी में आने जाने वाली वाहनों की लाइन लग गई। दो दिनों पूर्व मारपीट में घायल हुए एक पीड़ित पक्ष पर सुलह करने को लेकर धौंस जमाते हुए उसका ऑडियो खूब वायरल हुआ। इस बाबत सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि एक शख्स की शिकायत पर सिपाही के कमरे में छापेमारी की गई है। शराब की बरामदगी नहीं हो पाई है।