खुखुंदू। थाना क्षेत्र के मुजुरी खुर्द इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर डीजल लेने गए युवक और सेल्समैन के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि नाराज युवक पांच-छह बाइकों से दोस्तों के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंच सेल्समैन पर हमला करा दिया। जब दूसरे सेल्समैन ने बीच-बचाव किया तो हमलावरों ने उसकी भी पिटाई कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी निकले। पीड़ितों ने दो नामजद और 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। भटनी थाना क्षेत्र के भरहेचौरा निवासी जिला पंचायत सदस्य अजीत कुमार सिंह का खुखुंदू क्षेत्र के भटनी-भरथुआ मार्ग पर मुजुरी खुर्द के पास पेट्रोल पंप है।
बताया जा रहा है कि शनिवार की दोपहर में एक युवक पंप पर डीजल लेने पहुंचा। पंप पर तैनात भटनी के देवघाट निवासी सेल्समैन विशाल यादव से 400 रुपये का डीजल लिया।
सेल्समैन का कहना है कि युवक डीजल लेने के बाद रुपये बाद में देने को कहा। जब उसने इन्कार किया तो वह गाली देने लगा। इसके बाद वह रुपये देकर चला गया। करीब दो घंटे बाद फिर वह पांच-छह बाइकों से 12-13 दोस्तों को लेकर पंप पर पहुंचा और मारपीट करने लगा।
बीच-बचाव करने पर हमलावरों ने दूसरे सेल्समैन मंगराईच गांव निवासी बिगू प्रसाद की भी पिटाई का दी। विवाद के दौरान पंप पर काफी देर तक अफरातफरी मची रही। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की है।
प्रभारी थानेदार जयप्रकाश सिंह यादव ने बताया कि सूचना पर पुलिस पहुंची थी। शिकायती पत्र मिला है। सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।