संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बारिश के बीच मेडिकल कॉलेज में सोमवार को मरीजों की भीड़ रही। इससे व्यवस्था पर असर पड़ा। ढाई हजार से अधिक मरीज इलाज कराने पहुंचे। सभी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर आभा एप शुरू होने से पर्ची लेने में मरीजों को दिक्कत हुई। इसे लेकर शोर भी मचाया। लंबी लाइन होने से मरीजों को इंतजार करना पड़ा।
मेडिसिन, आर्थो , ईएनटी, सर्जरी आदि विभागों में पहले डॉक्टर कक्ष में जाने को लेकर धक्का-मुक्की और शोर हुआ। सुरक्षा कर्मियों ने समझा-बुझाकर शांत कराया। महिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लाइन लगी थी। बिलिंग काउंटर और डिजिटल एक्स-रे सेंटर पर भीड़ रही।
रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को अस्पताल खुलने पर शहर से लेकर ग्रामीणांचल औैर बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र के मरीज पहुंचे थे। बारिश होने से सुबह मरीजों की कम संख्या रही। मौसम साफ होने पर मरीजों की भीड़ बढ़ गई। रजिस्ट्रेशन काउंटर पर करीब डेढ़ बजे तक लोग थे।
करीब दो हजार लोगाें ने पर्ची ली, जबकि सात सौ लोग फालाेअप में पहुंचे थे। एमसीएच विंग में काउंटर पर कर्मचारी से नोकझोंक भी हुई। लोग शोर करने लगे, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने शांत कराया।