देवरिया। रोवर्स रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर का आयोजन बुधवार को संत विनोबा पीजी कॉलेज में किया गया। मुख्य अतिथि हिंदी के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार राव रहे। उन्होंने ध्वजारोहणकर एवं मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि स्काउट/गाइड एक जीवन जीने की कला को सीखना है जो विषम परिस्थितियों में एक दूसरे की सहायता करते हैं और आत्मनिर्भर बनते हैं स्काउट गाइड से बच्चों के अंदर अनुशासन समाज सेवा एवं देश सेवा का भाव विकसित होता है। साथ ही प्रशिक्षण से बच्चों में शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, आध्यात्मिक एवं संवेगात्मक शक्तियों का विकास होता है। इससे वे समाज, देश, राष्ट्र एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग और शांति स्थापित करने में सक्षम बनते हैं। विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर भूपेश मणि त्रिपाठी ने रोवर्स रेंजर्स की स्थापना व इसके महत्व के बारे में बच्चों को जानकारी दिया।
मुख्य प्रशिक्षण जिला संगठन आयुक्त सूरज चन्द ने कहाकि यदि प्रत्येक प्रशिक्षु स्काउटिंग के नौ नियमों को अपने जीवन में आत्मसात कर ले, तो वह सदैव सफलता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने स्काउटिंग के तीन प्रमुख सिद्धांत-ईश्वर के प्रति कर्तव्य, दूसरों के प्रति कर्तव्य एवं स्वयं के प्रति कर्तव्य पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। अन्त में रेंजर्स प्रभारी डॉ. शगुफ्ता अफरोज ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन रोवर्स प्रभारी डॉ. राज कुमार गुप्ता ने किया। इस दौरान चीफ प्रॉक्टर डॉ. विवेक मिश्र, डॉ. चन्द्रेश बारी, डॉ. तूलिका पाण्डेय, डॉ. अभिनव चौबे, डॉ. राजेश कुमार मिश्र, शिवा कुमार आदि मौजूद रहे।