देवरिया में पिटाई के बाद बदमाशों ने युवक को गोली मारी, गंभीर हाल में मेडिकल कॉलेज रेफर
देवरिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के भटवलिया हाइडिल के पास शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने युवक की पिटाई के बाद उसे गोली मार दी। लोगों ने घायलावस्था में युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
रुद्रपुर मार्ग स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के रहने वाले सुधीर सिंह उर्फ अमन (20) पुत्र सत्यभान सिंह शुक्रवार की रात अपने घर जा रहे थे। भटवलिया स्थित हाइडिल गेट के पास पहुंचे थे कि बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोका। बदमाश बिना कुछ कहे उन्हें मारने-पीटने लगे। युवक को पिटता देख लोग छुड़ाने पहुंचे तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली युवक के दाहिनी जांघ और कंधे पर लगी। इसके बाद बदमाश हवाई फायरिंग कर भागने लगे। लोगों ने दौड़ा कर एक बदमाश को पकड़ लिया। पुलिस उसको हिरासत में लेकर पूछताछ की। अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। एसपी ने बताया कि पूछताछ की जा रही है।