निर्धारित मानकों के साथ 19 से खुलेंगे माध्यमिक स्कूल
देवरिया। महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज सभागार में शुक्रवार को माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों की बैठक हुई। इसमें कोविड-19 के दौर में कक्षा 9 से 12वीं तक के स्कूलों को 19 अक्तूबर से सोशल डिस्टेंसिंग एवं निर्धारित मानकों का पालन करते हुए खोलने एवं छात्रों के पठन-पाठन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। विद्यार्थियों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए विद्यालय की साफ सफाई, फर्नीचर को सैनिटाइज किए जाने के साथ मास्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रभारी डीआईओएस पीके शर्मा ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड से संचालित सभी विद्यालयों में कोरोना वायरस के बचाव के सभी उपाय होना आवश्यक है ताकि छात्रों के पठन-पाठन में कोई असुविधा न हो। कक्षा में छात्रों को निर्धारित दूरी पर ही बैठाएं। साफ-सफाई पर सर्वाधिक ध्यान दिया जाए। औचक निरीक्षण में मानकों का पालन नहीं पाया गया तो संबंधित स्कूूल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजना के तहत भारत सरकार के नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर प्री-मैट्रिक, पोस्ट मैट्रिक के आदेवन भरे जाने हैं। उसकी कार्यवाही शुरू कर दी जाए। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति के अंतर्गत सफल छात्रों का आवेदन पूर्ण कर संस्था से अग्रसारित कर दी जाए। इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत कक्षा 6 से 10 तक के छात्रों का ऑनलाइन नामांकन 30 अक्तूबर तक अवश्य पूरा हो जाए। इस दौरान जीआईसी के उप प्रधानाचार्य महेंद्र प्रसाद, विमला राय, गोपाल शुक्ला, डॉ. अजय मणि त्रिपाठी, गीता देवी, रघुवर प्रसाद, डीएन तिवारी, वंशराज पांडेय, गणेश शर्मा, जुबेर अहमद, अनिल यादव आदि उपस्थित रहे।