घांटी बाजार (देवरिया)। भटनी विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय बरइटोला में मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे प्राथमिक विद्यालय परिसर में छितवन के पेड़ की विशालकाय डाली टूटकर स्कूल भवन की छत पर गिर गई।
इससे भवन का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय विद्यालय में कोई बच्चा मौजूद नहीं था। सुबह पेड़ की डाली गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहां का दृश्य देखकर लोग दंग रह गए।
विद्यालय की छत का हिस्सा टूटकर नीचे गिर चुका था। सूचना मिलते ही प्रधानाध्यापक राजेश प्रसाद विद्यालय पहुंचे और उच्चाधिकारियों को हादसे की जानकारी दी। फिलहाल विद्यालय के बगल में स्थित सुरक्षित भवन में बच्चों को बैठाकर पढ़ाई कराई जा रही है, लेकिन भीषण गर्मी के बीच यह व्यवस्था पर्याप्त नहीं मानी जा रही है।
खंड शिक्षा अधिकारी रामप्यारे राम ने बताया कि उन्हें विद्यालय से हादसे की सूचना मिली है। वर्तमान में उनकी जनगणना में ड्यूटी लगी है। मौके पर निरीक्षण के बाद विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी।