देवरिया। ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से सीडीओ राजेश कुमार सिंह ने सफाईकर्मियों के लिए लाइव लोकेशन अनिवार्य कर दिया है। इसके लिए सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को निर्देश जारी दिए गए हैं। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पर विभागीय नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ ने बताया कि ग्राम पंचायतों में कुल 2108 सफाईकर्मी तैनात हैं। इनमें से विकास खंड गौरी बाजार में 129, पथरदेवा में 131, तरकुलवा में 73, देवरिया सदर में 183, बैतालपुर में 151, भलुअनी में 168, भटनी में 138, भाटपार रानी में 108, बरहज में 93, रुद्रपुर में 138, बनकटा में 146, भागलपुर में 111, देसही देवरिया में 82, लार में 108, सलेमपुर में 217 और रामपुर कारखाना में 132 सफाई कर्मी हैं।
ग्राम पंचायतों से लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों के दृष्टिगत यह नई व्यवस्था दी गई है। इसके अनुसार, प्रतिदिन सुबह आठ से दोपहर दो बजे के बीच किसी भी समय ग्राम पंचायतों में तैनात सफाईकर्मियों को मोबाइल फोन के माध्यम से गूगल लाइव लोकेशन लेकर उनकी वास्तविक उपस्थिति का सत्यापन किया जाएगा। यदि कोई सफाईकर्मी बिना सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के निर्धारित ग्राम पंचायत के अलावा कहीं और पाया जाता है अथवा कार्यस्थल से अनुपस्थित मिलता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ ने सभी सहायक विकास विकास अधिकारी (पंचायत) को निर्देश दिए हैं कि वे रैंडम आधार पर प्रत्येक दिन कम से कम 10 ग्राम पंचायत के सफाईकर्मियों की लाइव लोकेशन प्राप्त कर उसका सत्यापन करें। निरीक्षण में अनुपस्थित अथवा निर्धारित कार्यस्थल पर न पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति करते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी को तत्काल रिपोर्ट प्रेषित की जाए।