सलेमपुर। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में लार क्षेत्र के एक गांव निवासी बुजुर्ग न्याय की गुहार लगाते हुए अधिकारियों के सामने फफक पड़े। बुजुर्ग ने एसडीएम दिशा श्रीवास्तव को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि बंटवारे के आदेश के बावजूद हल्का लेखपाल कार्रवाई नहीं कर रहा है। कार्रवाई के लिए 30 हजार रुपये की मांग कर रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने शिकायती पत्र तहसीलदार अलका सिंह को सौंप दी। तहसीलदार ने मामले को संज्ञान में लेकर कानूनगो को मौके पर जाकर जांच कर निस्तारण कराने के निर्देश दिए। लार थाना क्षेत्र निवासी रमाशंकर गौड़ पुत्र फिरंगी ने बताया कि पुस्तैनी भूमि के बंटवारे से जुड़े वाद में उनके पक्ष में आदेश पारित हो चुका है लेकिन हल्का लेखपाल लगातार कार्रवाई में टालमटोल कर रहा है। उनका आरोप है कि लेखपाल ने नियमानुसार कार्रवाई करने के बजाय उनसे 30 हजार रुपये की मांग की और कहा कि बिना पैसे दिए कोई काम नहीं होगा।
रमाशंकर ने बताया कि वह पूर्व में भी समाधान दिवस में शिकायत कर चुके हैं। उनका कहना है कि जब उनका प्रार्थना पत्र लेखपाल तक पहुंचा तो उसने कार्रवाई से इंकार कर दिया और अपशब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि जब तक 30 हजार रुपये नहीं दोगे, कोई काम नहीं होगा। उन्होंने बताया कि वह मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार अलका सिंह ने पीड़ित को शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।