कोरोना का नाम सुनते ही अस्पताल से भागा मरीज
तरकुलवा(देवरिया)। सीएचसी पर इलाज कराने पहुंचे व्यक्ति में कोरोना के लक्षण दिखे। डॉक्टरों के कोरोना संक्रमित होने की आशंका पर मरीज अस्पताल से भाग निकला। सीएचसी कर्मचारियों ने उसकी तलाश की, लेकिन नहीं मिला।
क्षेत्र के अमवा निवासी एक व्यक्ति मुंबई से एक सप्ताह पूर्व ही घर आए हैं। उनकी तबीयत वहीं खराब थी। इलाज कराया, लेकिन ठीक नहीं हुआ। गांव आकर निजी अस्पताल में इलाज करा रहे थे। बीमारी बढ़ी तो शुक्रवार को तरकुलवा सीएचसी पर इलाज के लिए गया। चिकित्सकों ने उनके बताए हुए बातों और मौजूदा लक्षण से कोरोना वायरस के चपेट में आने की आशंका जताई। सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित कुमार ने चिकित्सकों की एक जांच टीम लगाई। मरीज में मौजूद लक्षणों के आधार पर उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया। यह बात सुनते ही मरीज घबरा गया। मरीज अपने को संभालते हुए चिकित्सकों से बाहर शौच जाने के बहाने भाग निकला। उसे सीएचसी के कर्मचारियों ने बहुत खोजा, लेकिन नहीं मिला। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित कुमार ने बताया कि मरीज में लक्षण कोरोना वायरस के होने की आशंका है। जांच में पूर्ण पुष्टि होजाती। मरीज के परिजन से संपर्क किया जा रहा है।