रुद्रपुर। नगर पंचायत रुद्रपुर का हर चौराहा विक्टोरिया डेकोरेटेड लाइट से जगमग हो रहा है। बुधवार की रात नगर पंचायत की अध्यक्ष सुधा निगम ने डेकोरेटेड लाइट का स्विच दबाकर शुभारंभ किया।
अध्यक्ष ने बताया कि रुद्रपुर में सेमरौना चौराहे से लेकर आदर्श चौराहे तक 67 लाख रुपये की लागत से विक्टोरिया लाइट लगाई गई है। जमुनी चौराहे से भभौली बाईपास तक इससे पहले 74 लाख रुपये की लागत से दुर्गा पूजा के समय में डेकोरेटेड लाइट लगवाई गई। नगर में रामचक से दुग्धेश्वर नाथ मंदिर और मंदिर से देवरिया बाईपास तक डेकोरेटेड लाइट प्रस्तावित है। भविष्य में देवरिया बाईपास से भभौली चौराहा और दुग्धेश्वर नाथ मंदिर से निबही मार्ग को आकर्षित करने वाली लाइटिंग व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। विक्टोरिया लाइट के लगने के बाद नगर का हर चौराहा जगमग हो गया है। इससे रात में नगर की खूबसूरती बढ़ गई है। नगर को सजाने और संवारने के लिए नगर पंचायत प्रशासन निरंतर क्रियाशील है। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष छट्ठे लाल निगम, अंकित त्रिपाठी, विजय यादव, सत्येंद्र रावत, जय रतन चौरसिया, मथुरा पांडेय, अजय जायसवाल आदि मौजूद रहे।