रुद्रपुर का प्राचीन लोकनाथ मंदिरफोटो संवाद
रुद्रपुर। पौराणिक महत्व के दुग्धेश्वर नाथ मंदिर स्थित लोकनाथ मंदिर की अवस्थापना एवं अन्य सुविधाओं के विकास के लिए शासन से दो करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत हो गई है। उत्तर प्रदेश शासन के उपसचिव राजेश्वरी प्रसाद ने नगर विकास विभाग के निदेशक को रुद्रपुर के लोकनाथ मंदिर पर एक जिला एक परियोजना की वंदन योजना के तहत स्वीकृत परियोजना की पहली किस्त 99 लाख रुपये की स्वीकृति पत्र भेज दिए है।
वंदन योजना के तहत देवरिया जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 में रुद्रपुर के लोकनाथ मंदिर को लिया गया है। इस अति प्राचीन मंदिर के कायाकल्प के लिए 198.20 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है, जिसमें मंदिर पर 73 लाख की लागत से एक हाल का निर्माण कराया जाएगा। इंटरलॉकिंग पाथ वे संपर्क मार्ग और सीसी रोड बनाने पर 38 लाख रुपये खर्च होंगे।
मंदिर के सुंदरीकरण रिपेयरिंग वॉल पर 64 लाख, पथ प्रकाश पर 17 लाख और वाटर क्योस्क व बेंच निर्माण पर सात लाख रुपये खर्च किया जाएगा। इस संबंध में अध्यक्ष सुधार निगम ने बताया कि पौराणिक, सांस्कृतिक व ऐतिहासिक स्थलों के विकास के लिए चलाई जा रही वंदन योजना से रुद्रपुर के लोकनाथ मंदिर के विकास के लिए मार्च महीने में नगर विकास मंत्री को प्रस्ताव दिया गया था।
रुद्रपुर का लोकनाथ मंदिर पौराणिक महत्व का मंदिर है। इस योजना से जिले की एक परियोजना रुद्रपुर में स्वीकृत हुई है। अब लोकनाथ का प्राचीन शिव मंदिर वंदन योजना से चमक जाएगा। भाजपा सरकार पौराणिक महत्व की धरती रुद्रपुर के तमाम मंदिरों का जीर्णोद्धार करा रही है।