रुद्रपुर। शुक्रवार को नगर पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 28.66 करोड़ रुपये का बजट प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन सुधा निगम ने की।
बजट में सीवरेज जल निकासी, पेयजल व्यवस्था, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना, अवस्थापना विकास निधि, वंदन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, राज्य वित्त आयोग एवं केंद्रीय 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि को नगर के समग्र विकास में खर्च करने का खाका प्रस्तुत किया गया।
बैठक में अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव ने योजनावार आय-व्यय का ब्योरा रखा। नगर के विभिन्न वार्डों में नाली-नाला निर्माण, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट सुदृढ़ीकरण, साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार और पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया।
चेयरमैन सुधा निगम ने कहा कि नगर पंचायत को साफ-सुथरा, सुव्यवस्थित और सुविधा संपन्न बनाना हमारी प्राथमिकता है। 28.66 करोड़ रुपये की धनराशि से विकास कार्यों को गति मिलेगी। हर वार्ड में बुनियादी सुविधाएं मजबूत की जाएंगी। रुद्रपुर मॉडल टाउन एरिया बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। बैठक में सभासदगण उपेंद्र कुमार मास्टर, कुमारी देवी, अंकित मणि त्रिपाठी, मुकेश विश्वकर्मा, नूरी खान, पुनीता देवी, अजय जायसवाल, सुशील मद्धेशिया, नीलम यादव, श्वेता पाण्डेय, सुशील निगम, अनिल पाण्डेय सहित वरिष्ठ लिपिक रामविनोद शुक्ला, शिवम पाण्डेय एवं समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।