रुद्रपुर में कांग्रेसी नेता नसीब पठान और अजय शर्मा आदि ने सतासी इंटर काॅलेज में खाट सभा का निरीक्षण किया।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। कांग्रेस की बहुप्रचारित किसान यात्रा का मंगलवार को रुद्रपुर के पचलड़ी गांव से शुभारंभ होगा। राहुल गांधी की इस यात्रा को लेकर एक सप्ताह से चल रही तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उनके स्वागत में रुद्रपुर और क्षेत्र को कांग्रेस के झंडे और होर्डिंगों से सजा दिया गया है। जिन मार्गों से राहुल की किसान यात्रा गुजरनी है उस पूरे मार्ग पर बड़े-बड़े होर्डिंग और झंडे लगाए गए हैं।
राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर दिन में 10 बजे पचलड़ी में लैंड करेगा। वहां से वह पचलड़ी डीह चौराहे पर पैदल चल कर किसानों से संपर्क करेंगे। चौराहे पर किसानों के लिए अलग-अलग पंडाल लगाया गया है। उन पंडालों में जाकर राहुल किसानों से उनकी समस्या जानेंगे। पचलड़ी में किसान संपर्क के बाद राहुल का काफिला जोगिया गांव पहुंचेगा। वहां के किसानों ने कांग्रेस के युवराज के स्वागत की तैयारी की है। किसान उनकी यात्रा के दौरान जोगिया आने को लेकर काफी उत्साहित हैं।
जोगिया के बाद राहुल का काफिला रुद्रपुर में तीसरा पड़ाव लेगा। यहां राहुल आदर्श चौराहे से खजुआ चौराहे तक लोगों से मिलते हुए पैदल मार्च करेंगे। दिन में 11.30 बजे राहुल गांधी सतासी इंटर कॉलेज में आयोजित खाट सभा में शिरकत कर किसानों से 45 मिनट तक विभिन्न समस्याओं पर गहन चरचा करेंगे। इसके लिए सतासी इंटर कॉलेज के मैदान को दुल्हन की तरह सजा कर खाट बिछा दी गई है।
राहुल के लिए बना बड़ा मंच उन्हें हर किसान के नजदीक पहुंचाएगा। इस दौरान डी एरिया में कुछ किसान मचिया पर बैठकर राहुल से वार्तालाप करेंगे। इस बाबत रुद्रप़ुर के विधायक अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि रुद्रपुर से शुरू कांग्रेस की महायात्रा के दौरान राहुल गांधी का ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। क्षेत्र के हर घर से कम से कम एक सदस्य राहुल गांधी से मिलने आ रहा है।