सीएचसी में चार स्वास्थ्य कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटीव पाए जाने पर पसरा सन्नाटा।
- फोटो : DEORIA
रुद्रपुर के आधा दर्जन वार्डों में पहुंचा कोरोना
रुद्रपुर(देवरिया)। कोरोना के बचाव के प्रति लापरवाही भारी पड़ने लगी है। एक बार फिर कस्बा कोरोना का रेड जोन बनने की ओर बढ़ रहा है। नगर के छह वार्डों में कोरोना पांव पसार चुका है। जांच में रोज नगर में संक्रमित मिल रहे हैं।
बुधवार को सीएचसी के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी और एक फार्मासिस्ट संक्रमित हो गए हैं। अस्पताल के चार लोगों के पॉजिटिव होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी की रिपार्ट पॉजिटिव आने के बाद सीएचसी पर सन्नाटा पसरा है। यहां संक्रमितों की संख्या बढ़ने से हालत बेकाबू होती जा रही है। नगर सहित क्षेत्र में चार दिन के अंदर 28 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। नगर से सटे खजुहा गांव, अमौनी खास और उसरा बाजार में छह लोग संक्रमित मिले हैं। शाम तीन बजे तक आरटीपीसीआर और एंटीजन टेस्ट में आठ लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। बावजूद इसके संक्रमण को लेकर लोगों की बेपरवाही कम नहीं हो रही है। बाजार में लोग बिना मास्क लगाए बेखौफ घूम रहे हैं। इस बाबत एसडीएम संजीव कुमार उपाध्याय ने कहा कि कोरोना का संक्रमण रोकने को हर एहतियात बरता जा रहा है। जांच की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। कोरोना का टीका तेजी से लग रहा है। संक्रमित लोगों के घर के ईदगिर्द कंटेनमेंट जोन बनाकर निगरानी टीम को लगाया गया है।