संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना। कोचिंग के लिए बुधवार को देवरिया जा रही स्कूटी सवार शिक्षिका को पुरुषोत्तमपुर और बैकुंठपुर के बीच बाइक सवार दो युवकों ने रास्ते में रोक लिया। शिक्षिका से अभद्रता करते हुए मारपीट की तथा चेन छीनने की कोशिश की।
महिला के शोर मचाने पर आरोपी भाग निकले। चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। जानकारी के अनुसार, रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र की एक गांव निवासी शिक्षिका रोजाना स्कूटी से जिला मुख्यालय कोचिंग पढ़ाने जाती हैं।
बुधवार की दोपहर करीब 2:30 बजे वह स्कूटी से कोचिंग के लिए निकलीं। आरोप है कि देवरिया-कसया मार्ग स्थित पुरुषोत्तमपुर और बैकुंठपुर के बीच में बाइक सवार दो लोगों ने उसे रोक लिया। शिक्षिका का कहना है कि दोनों डुमरी चौराहे से उसका पीछा कर रहे थे। स्कूटी रोकते ही दोनों बाइक से उतरकर उससे अभद्रता करने लगे।
विरोध करने पर एक ने गले में पहनी चेन भी छीनने की कोशिश की। शिक्षिका के शोर मचाने पर राहगीर रुक गए और आसपास के लोग भी दौड़ पड़े।
यह देख दोनों बाइक से देवरिया की ओर भाग निकले। शिक्षिका ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पीआरवी पुलिस, इंस्पेक्टर गोरखनाथ सरोज घटनास्थल पहुंच गए। थोड़ी देर बाद ही क्षेत्राधिकारी सदर संजीव कुमार रेड्डी भी पहुंच गए।
शिक्षिका ने पूरी घटना पुलिसकर्मियों को बताई। इसके बाद रामपुर कारखाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। चार घंटे बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को महुआडीह थाना क्षेत्र के एक पोल्ट्री फार्म से पकड़ लिया।
मामले में पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर ने कहा कि दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।