एमआर से बाइक सवार बदमाशों ने 78 हजार रुपये लूटे
तरकुलवा। क्षेत्र के मुुंडेरा बाबू गांव के पास बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे बदमाशों ने एमआर से 78 हजार रुपये लूट लिया और धक्का देकर फरार हो गए। धक्का लगने से वह अचेत हो गए। होश आने पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना के सीधेगौर गांव निवासी तेजपुंज त्रिपाठी एक दवा कंपनी में एमआर हैं और शहर के उमानगर मोहल्ले में रहते हैं। घटना के दिन सुबह में वह बाइक से कुशीनगर गए थे। वहां कई डॉक्टरों से मिले और दो मेडिकल स्टोर से करीब 78 हजार छह सौ रुपये बैग में रखकर कसया से देवरिया के लिए निकले थे। रात करीब आठ बजे मुंडेरा बाबू गांव के पास बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। वह कुछ समझ पाते कि बदमाश बैग में रखे रुपये ले लिया और धक्का देकर फरार हो गए। वह सड़क पर गिर गए। बैग में रुपये के अलावा आधार कार्ड, निर्वाचन कार्ड, पैन कार्ड, बैंक एटीएम, अन्य जरूरी कागजात और दवाएं भी थीं। कुछ देर बाद जब उन्हें होश आया तो उन्होंने आसपास लोगों की भीड़ देखी। उन्होंने घटना की सूचना तरकुलवा थाने में दी। एसओ टीजे सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।