खुखुंदू। रोस्टिंग कटौती के चलते बिजली आपूर्ति पूरी तरह से लड़खड़ा गई है। शनिवार रात भर में आधे-आधे घंटे कर करीब दो घंटे ही बिजली मिली है।
उमस भरी गर्मी में आवश्यकता से अधिक बिजली कटौती होने से चहुंओर हाहाकार मचा है। रविवार को भी दिनभर रोस्टिंग कटौती का खेल जारी रहा। निगम के जिम्मेदारों ने भी कटौती की बात स्वीकारी है।
उपकेंद्र खुखुंदू के 250 गांवों की बिजली आपूर्ति इन दिनों पूरी तरह लड़खड़ा गई है। शुक्रवार को मेन लाइन में खराबी के चलते दिनभर आपूर्ति बाधित रही। शनिवार को दिन में थोड़ी बहुत बिजली मिली भी तो रातभर गुल रही। इससे घरों और दुकानों में लगे इन्वर्टर जवाब दे गए। आवश्यकता से अधिक बिजली कटौती से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि उमस भरी गर्मी में बड़े पैमाने पर कटौती का खेल जारी है। समय रहते सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। निगम के जिम्मेदारों की मानें तो स्थानीय स्तर से कोई कटौती नहीं की जा रही है।
रोस्टिंग कटौती हो रही है। अवर अभियंता सोनू प्रसाद का कहना है कि पहले की अपेक्षा बहुत अधिक रोस्टिंग कटौती की जा रही है। इससे उच्चाधिकारी अवगत है। उम्मीद है जल्द ही इसमें सुधार होगा।