नर्वदेश्वर महादेव मंदिर गेट से अराजी मेदीपट्टी मार्ग पर लेपन करते कर्मचारी। स्रोत-संवाद
तरकुलवा। लोक निर्माण विभाग ने पथरदेवा नर्वदेश्वर महादेव मंदिर गेट से अराजी मेदीपट्टी संपर्क मार्ग का मरम्मत कार्य पूर्ण करा दिया है। 1.1 किमी लंबे इस सड़क के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुगमता होगी।
जानकारी के अनुसार, पथरदेवा विकास खंड के अंतर्गत नर्वदेश्वर महादेव मंदिर गेट से अराजी मेदीपट्टी मार्ग पिछले कई सालों से बदहाल था। इस सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए थे।
गिट्टियां उखड़ कर इधर-उधर बिखरी पड़ी थीं। इससे आए दिन लोग हादसों के शिकार होते रहते थे। बरसात के दिनों में कीचड़ और गड्ढों के कारण स्कूली बच्चों और राहगीरों को परेशानी होती थी।
इस सड़क से होकर हमेशा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का नर्वदेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन के लिए आना-जाना लगा रहता है। मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव सहित आसपास के गांव के लोग काफी समय से इस मार्ग की मरम्मत की मांग कर रहे थे।
क्षेत्रीय विधायक व कृषिमंत्री सूर्य प्रताप शाही की पहल पर लोक निर्माण विभाग ने इस मार्ग के मरम्मत का कार्य पूर्ण करा दिया। इसके मरम्मत 9.5 लाख रुपये खर्च हुए हैं। इस सड़क के निर्माण से आवागमन सुगम होगा और श्रद्धालुओं को मंदिर पहुंचने में काफी सहूलियत होगी।