सड़क निर्माण को लेकर खरवनिया गांव के लोग धरना-प्रदर्शन करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
मेहरौनाघाट। सड़क का आधा-अधूरा निर्माण होने से नाराज गांववालों ने धरना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने नाराज लोगों ने रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा लगाया। प्रेक्षक से बात होने के बाद लोगों ने धरना समाप्त किया। लार ब्लॉक का डुमरी लोहिया गांव है। पिंडी से लोहिया गांव तक सड़क का निर्माण होना था। लेकिन ठेकेदार आधा अधूरा निर्माण करा काम बंद करा दिया है।
इसकी वजह खरवनिया और डुमरी गांव के लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि पिंडी से खरवनिया तक ठेकेदार सड़क का निर्माण नहीं कराया। बीच में लोगों ने इसकी शिकायत किया तो अफसरों ने बचे हुए सड़क का निर्माण कराने का आश्वासन दिया। लेकिन आज तक इस सड़क का निर्माण नहीं हो सका। बुधवार को खरवनिया गांव के प्रधान पंकज शाही के नेतृत्व में लोगों ने धरना दिया। इसकी जानकारी होने पर हलका एसआई सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस को देख लोग नाराज हो गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए लोगों से वार्ता की। इसके बाद प्रधान ने सलेमपुर विधानसभा के के प्रेक्षक से मोबाइल पर अपनी शिकायत बताई। प्रेक्षक की ओर से संतोषजनक जवाब मिलने के बाद लोगों ने धरना समाप्त किया। इस दौरान राणा प्रताप शाही, मुकेश वर्मा, मंजय पटेल, अर्जुन शाही, विश्वास शाही, बासुदेव आदि मौजूद रहे।