- जिले के 33 केंद्रों पर 27 जुलाई को होगी परीक्षा, शामिल होंगे 14696 अभ्यर्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जनपद के कुल 33 केंद्रों पर 27 जुलाई को एक पाली में समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी की परीक्षा होगी। इसके लिए सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में लोक सेवा आयोग की ओर से जनपद के पर्यवेक्षक अनिल कुमार यादव ने इसकी तैयारियों को परखा और दिशा निर्देशों से परिचित कराया।
आरओ व एआरओ परीक्षा-2025 की जनपद स्तर पर भी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। सोमवार को इसे लेकर जिम्मेदारों ने तैयारियों को परखा। अध्यक्षता कर रहे एडीएम प्रशासन जैनेंद्र सिंह ने बताया कि आरओ-एआरओ परीक्षा 27 जुलाई को सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक यह परीक्षा एक पाली में आयोजित होगी। जनपद स्तर पर 33 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें राजकीय, एडेड और सीबीएसई विद्यालयों को शामिल किया गया है। इसकी निगरानी के लिए 33 सेक्टर, 33 स्टेटिक, 33 केंद्र व्यवस्थापक एवं इतने ही सह केंद्र व्यवस्थापक बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्र पर आयोग के निर्देश पर विधिवत जांच के बाद ही कक्ष में परीक्षार्थियों को जाने दिया जाएगा। शुचिता पूर्ण परीक्षा कराने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। इस दौरान डीआईओएस शिवनारायण सिंह, बीईओ सदर देवमुनि वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।