महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज के मेडिसीन विभाग की ओपीडी में हंगामा करते लोग, फोटो: संवाद
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को मरीजों ने हंगामा खड़ा कर दिया। वह अन्य मरीजों को बिना कतार के ओपीडी में भेजने का विरोध कर रहे थे। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने लोगों को समझा बुझाकर किसी तरह मामला शांत कराया।
मेडिसिन विभाग की ओपीडी के कक्ष संख्या एक में सुबह से ही मरीजों की कतार लगी थी। कतार में लगे 50 से अधिक मरीज अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहे थे। इस बीच कुछ लोग बिना लाइन के ही आकर सीधे ओपीडी में प्रवेश कर गए। वहीं एक युवक पहले से लगी लंबी कतार के बीच में ही घुसने का प्रयास करने लगा। इस पर अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहे लोग भड़क गए। बरहज से इलाज कराने आईं संगीता ने कहा कि वह सुबह 10 बजे से लाइन में खड़ी है। उसका नंबर ढाई घंटे बाद भी नहीं आया और कुछ लोग बिना लाइन लगाए ही सुरक्षा कर्मियों की मिली भगत से डॉक्टर के पास चंद मिनट में ही पहुंच जा रहे हैं। पैना गांव से अपनी मां को दिखाने आए मुन्ना ने बताया ढाई घंटे से कतार में खड़े होने के बाद भी नंबर नहीं आ रहा है और कुछ लोग मिली भगत से तुरंत अंदर चले जा रहे हैं। गौरा से डॉक्टर को दिखाने मेडिकल कॉलेज पहुंची मनसा देवी भी घंटों से लाइन में खड़ी थीं। वह भी लोगों को बिना कतार में लगे अंदर जाते देख भड़क गई। उन्होंने कहा कि हम लोग काफी देर से खड़े हैं पैर दर्द करने लगा है, नंबर नहीं आया। वहीं कुछ लोग तुरंत बिना लाइन लगाए ही अंदर चले जा रहे हैं यह अंधेरगर्दी है। इसी तरह लाइन में खड़े अरुण और विवेक पटेल ने बताया कि सुबह से ही पंजीकरण करवाने से लेकर लाइन में लगने तक कई घंटे बीत गए। यहां हम लाइन में खड़े होकर कब से प्रतीक्षा कर रहे हैं। उधर बगल से लोग डॉक्टर के पास पहुंच जा रहे हैं।
फेमिली मेडिसिन विभाग का बदला कमरा नंबर
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल काॅलेज में फेमिली का कमरा नंबर बदल गया है। पहले यह न्यू ओपीडी बिल्डिंग के कक्ष संख्या छह में संचालित होती थी। अब इसे कक्ष संख्या 14 में शिफ्ट किया गया है। इसको नया नाम फीवर क्लीनिक दिया गया है। मंगलवार को इस कक्ष में करीब सौ मरीजों का इलाज हुआ। इसमें बैठे डॉ. अयान ने मरीजों के रोग का परीक्षण कर उपचार किया।