देवरिया। विश्व हिंदू परिषद गोरक्ष प्रांत की प्रांत योजना बैठक का द्वितीय दिवस रविवार को संपन्न हुआ। समापन सत्र में विहिप क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र जी ने कहा कि देश इस समय धर्मांतरण, लव जेहाद, जनसंख्या असंतुलन और घुसपैठ जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। इनसे निपटने के लिए संपूर्ण हिंदू समाज को एकजुट होकर सशक्त, संगठित और दृढ़ समाज की स्थापना करनी होगी। प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी यात्रा पूर्ण होने जा रही है। इस अवसर पर पंच-परिवर्तन का संकल्प लिया गया है, जिसके तहत समाज में व्यापक बदलाव लाना है।
उन्होंने कहा कि शताब्दी वर्ष में घर-घर संपर्क अभियान चलाकर समाज में धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति श्रद्धा का भाव बढ़ाने का कार्य होगा। बैठक के दौरान संगठनात्मक जिम्मेदारियों का भी वितरण किया गया। इसमें पुरणेंतम मरोड़िया को प्रांत अध्यक्ष, उपेंद्र शाही को प्रांत उपाध्यक्ष, राम सिंह को प्रांत सह-समरसता प्रमुख, लाल बाबू श्रीवास्तव (एडवोकेट) को सह प्रांत प्रमुख (विधि प्रकोष्ठ), डॉ. सुनील अखलाक को विभाग प्रमुख तथा अनिल जायसवाल को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि जब तक समाज जातिवाद और संकीर्णताओं से ऊपर उठकर एकजुट नहीं होगा, तब तक चुनौतियों से पार पाना कठिन होगा। हिंदू समाज के संगठन, सेवा और जागरण के लिए हर स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहना होगा। इसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।