14 मार्च तक जारी होगी ग्राम प्रधानों की आरक्षण सूची
देवरिया। शासन स्तर से जिला पंचायत अध्यक्ष पद की आरक्षण सूची जारी होने के बाद त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की सरगर्मी बढ़ गई है। अब प्रधानों तथा ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत वार्डों के आरक्षण की सूची का 10 से 12 मार्च के बीच तैयार हो जाएगी। आरक्षण सूची का अंतिम प्रकाशन 13 से 14 मार्च तक हो जाएगा।
इस बार चार पदों पर एक साथ चुनाव होना है। इसे लेकर संभावित उम्मीदवार तैयारी कर रहे हैं, लेकिन उनकी तथा ग्रामीण अब प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत के वार्डों के आरक्षण पर नजरें लगाए हैं। इसके बाद ही संभावित उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरेंगे। शासन से गाइड-लाइन मिलने के बाद पंचायती राज विभाग आरक्षण सूची तैयार करने में जुट गया है। 20 फरवरी से एक मार्च के बीच आरक्षण का प्रस्ताव तैयार लिया जाएगा। इसके बाद दो से तीन मार्च तक आरक्षण सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। चार से आठ मार्च तक प्रस्तावों पर आपत्तियां ली जाएंगी। नौ मार्च को जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में आपत्तियों को एकत्र किया जाएगा। जिला मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में गठित समिति दस से बारह मार्च के बीच आपत्तियों का परीक्षण व निस्तरण कर अंतिम सूची तैयार करेंगी। 13 से 14 मार्च तक जिला मजिस्ट्रेट द्वारा आरक्षण सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
18 व 19 फरवरी को होगा ब्लाक स्तरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण
देवरिया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी में प्रशासन जुटा है। इसके तहत 18 व 19 फरवरी को विकास खंड स्तरीय अधिकारियों को जनपद स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी तथा अपर मुख्य अधिकारी का निदेशालय स्तर पर 16 से 17 फरवरी तक होगा।
प्रधानों, ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत तथा जिला पंचायत के वार्डों के आरक्षण का कार्य बीस फरवरी से शुरू हो जाएगा। अंतिम सूची का प्रकाशन 13 से 14 मार्च तक हो जाएगा। -आनंद प्रकाश, डीपीआरओ