भाटपाररानी। नगर के रानी पोखरा में तीन बालकों के साथ शनिवार की सुबह करीब 11 बजे नहाते समय 9 वर्षीय बालक डूबने लगा। यह देख कुछ लोगों ने पोखरे में कूदकर बच्चे को सुरक्षित निकाल लिया। एंबुलेंस से भाटपार रानी पीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम टीकमपार निवासी जितेंद्र का 9 वर्षीय पुत्र सत्यम और उसकी मां पूजा देवी रानी पोखरा पर हनुमान मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के लिए हो रहे यज्ञ के लिए कलश यात्रा में शामिल होने आए थे। इस दौरान बालक सत्यम और उसके साथ दो बच्चे खरी में नहा रहे थे।
इसी दौरान सत्यम गहरे पानी में डूबने लगा। यह देख उसके साथ नहा रहे दो बच्चे शोर करते हुए भाग गए। आसपास के लोगों ने पोखरे में कूद कर सत्यम को निकाला और अस्पताल ले गए। संवाद