आजीवन कारावास की सजा काट रही कुशीनगर की महिला कैदी की रिहाई के लिए जेल प्रशासन ने भेजी रिपोर्ट
देवरिया। अगर शासन से मंजूरी मिल तो जेल में बंद कुशीनगर जिले की एक महिला कैदी 15 अगस्त को जेल के सलाखों से मुक्त हो जाएगी। जेल प्रशासन ने शासन को महिला कैदी की रिहाई का प्रस्ताव भेजा है। जिस पर कुशीनगर जनपद के आला अफसरों से रिपोर्ट मांगी गई है।
कुशीनगर निवासी एक महिला करीब 16 वर्षों से अधिक समय से जेल में बंद है, जो हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रही है। कैदी की उम्र अधिक होने के कारण, आचरण, व्यवहार और अधिक समय से जेल में होने के कारण रिहाई का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। जिसकी रिहाई स्वतंत्रता दिवस के दिन करने का प्रस्ताव है। इस मामले को शासन ने गंभीरता से लेते हुए कुशीनगर के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से जांच कर रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट शासन को भेजे जाने के बाद ही तय हो सकेगा कि महिला कैदी 15 अगस्त को रिहा हो सकेगी या नहीं।
रिहाई के साल में कई अवसर
अच्छे आचरण करने वाले कैदियों की पहले गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासन के आदेश के बाद रिहाई की जाती थी। पर नए नियमों के अनुसार अब 16 वर्षों की सजा काट चुके कैदियों को अच्छा व्यवहार और गंभीर बीमारी होने की दशा में स्वतंत्रता दिवस, गांधी जयंती, महिला दिवस, विश्व स्वास्थ्य दिवस, मजदूर दिवस और योग दिवस के अवसर पर भी रिहाई की जाएगी।
महिला कैदी की रिहाई का प्रस्ताव बना कर भेजा गया है। आदेश आने के बाद स्वतंत्रता दिवस पर रिहाई होगी। इसके बार रिपोर्ट मांगी गई है। -राजकुमार, जेलर