खुखुंदू। नरौली भीखम गांव के एक शख्स ने पहला पासपोर्ट रहते हुए भी उसे छिपाकर फिर से नाम और जन्मतिथि बदल कर कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से दूसरा पासपोर्ट बनवा लिया। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने यह कार्रवाई स्वत: संज्ञान लेकर किया है।
नरौली भीखम गांव निवासी अमरनाथ उर्फ अमरजीत विदेश में रहकर कमाता है। बताया जा रहा है कि इन दिनों भी वह विदेश में ही है। इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व का पासपोर्ट रहते हुए भी अमरनाथ उर्फ अमरजीत ने जन्मतिथि और नाम बदलकर कूटरचित दस्तावेजों को तैयार कर दूसरा पासपोर्ट भी जारी करा लिया। जांच में प्रकरण सही पाए जाने पर एसआई नितिन यादव के शिकायती पत्र पर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संवाद
...
बरात में मारपीट, चार पर प्राथमिकी दर्ज
खुखुंदू। नदौली गांव पांच दिन पहले आई बरात में मारपीट हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर गांव के चार आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
नदौली गांव में 23 जून की रात बरात आई थी। आरोप है कि बरात में खाना खाने के दौरान कृष्णा चौहान को कुछ युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पर हमलावरों ने एक और युवक की पिटाई कर दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर गांव निवासी नवीन चौहान, अभय चौहान, खुशीहाल चौहान और पप्पू चौहान पर प्राथमिकी दर्ज की है। इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि इसके अलावा पांच आरोपियों का चालान भी किया गया है। संवाद