मदनपुर कांड के विरोध में फत्तेपुर चौराहे पर एसपी का पुतला जलाते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। मदनपुर कांड के बाद एसपी के तबादले की मांग को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। शनिवार को फत्तेपुर चौराहे पर लोगों ने पुलिस एसपी का पुतला फूंककर उनके तबादले की मांग की। आंदोलनकारियों ने इमरान हटाओ, प्रभाकर चौधरी लाओ के नारे लगाए।
आशुतोष सिंह के नेतृत्व में जुटे लोगों ने एसपी का पुतला जलाया। कहा कि देवरिया की कानून-व्यवस्था पटरी से उतर गई है। एसपी क्राइम पर कंट्रोल नहीं कर पा रहे हैं। लार कांड के बाद मदनपुर में एक विशेष समुदाय के लोगों ने जमकर तांडव किया। मदनपुर थाना जलाने के बाद हिंदुओं की दुकानें फूंक दी गईं। थाने में पुलिस के असलहे लेकर नंगा नाच हुआ।
एसपी को तीन घंटा देवरिया से घटना स्थल पर पहुंचने में लग गया। एसपी की लापरवाही के कारण उपद्रवियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस उपद्रवियों पर ठोस कार्रवाई करने से परहेज कर रही है। घटना के चार दिन बीतने के बाद भी क्षेत्र में तनाव बना है।
पुतला जलाने वालों ने विधानसभा चुनाव में जिले में शांति तरीके से मतदान कराने के लिए चुनाव आयोग को पत्र लिखकर एसपी को हटाने की मांग की। पुतला जलाने वालों में गिल्लू सिंह, रामअशीष निषाद, हरिऔध जायसवाल, डब्लू पाठक, अशोक पाल, संतोष सोनकर, बाबू राम निषाद आदि मौजूद रहे।