तरकुलवा। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत तरकुलवा नगर पंचायत में 45 स्थलों का कायाकल्प किया जाएगा ।
इसके लिए कल 5.36 करोड रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। योजना के तहत नगर पंचायत की विभिन्न वार्डों में सीसी सड़कें व नालियां बनाई जाएंगी। मिट्टी भराई और खड़ंजा मार्ग बनाए जाएंगे।
स्कूलों का जीर्णोद्धार कर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। इससे न केवल नगर पंचायत की आधारभूत संरचना मजबूत होगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन की व्यवस्था सुदृढ़ होगी। तरकुलवा में 15 वार्ड हैं, जिनमें अंबेडकर नगर, गांधीनगर, शास्त्री नगर, गौतम बुद्ध नगर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, देवी नगर, रामनगर, शिवाजी नगर, उधम सिंह नगर, सरोजिनी नगर, सरदार पटेल नगर, वीर अब्दुल हमीद नगर, लोहिया नगर, मीराबाई नगर और अशोक नगर शामिल हैं। नगर पंचायत क्षेत्र की कुल आबादी 30537 के लगभग है।
कुल परिवारों की संख्या 3700 है। नगर पंचायत को मूलभूत सुविधाओं से लैस करने को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष जनार्दन कुशवाहा एवं अधिशासी अधिकारी हिमांशु प्रताप सिंह ने वार्ड के सभासदों से प्रस्ताव लिया था। स्वीकृति के लिए सभी प्रस्ताव को शासन को भेज दिया गया था।
क्षेत्रीय विधायक और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की पहल पर शासन ने 45 स्थानों पर मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत विकास कार्य करने के लिए हरी झंडी दे दी है।