आइसोलेशन में भर्ती युवक का फिर जांच के लिए गया सैंपल
कोरोना पॉजिटव के साथ दिल्ली से गोरखपुर तक ट्रेन में किया है सफर
गांवों को कराया जा रहा सैनिटाइज, संपर्क में रहने वाले आइसोलेशन में 30 लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। चिउड़हा गांव के लोग दूसरे दिन भी दहशत में हैं। सील किए गए तीन किमी एरिया में स्वास्थ्य विभागन सैनिटाइज करा रहा है। हालांकि आइसोलेशन वार्ड में भर्ती युवक का सैंपल शुक्रवार को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
महराजगंज में कोरोना पॉजिटिव के साथ कामाख्या एक्सप्रेस में दिल्ली से गोरखपुर तक सफर करने वालों में से युवक को अभी भी आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। उसके संपर्क में रहने वाले गांव तथा परिवार के लोगों का भी सैंपल जांच के लिए भेजा गया है और सभी को क्वारंटीन किया गया है। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में युवक की जांच रिपोर्ट को लेकर शाम तक मथापची होता रहा। देर शाम को जानकारी हुई कि रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन युवक को अभी छोड़ा नहीं जाएगा। मेडिकल कॉलेज के जांच टीम के निर्देश पर युवक का सैंपल फिर जांच के लिए शुक्रवार को भेजा गया। उधर सील किए गए चिउड़हा के आसपास के गांवों को दूसरे दिन भी सैनिटाइज कराया गया। इस बाबत सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि युवक को अभी छोड़ा नहीं गया है। रि जांच के लिए दुबारा सैंपल भेजा गया है। गांव को सैनिटाइज कराया जा रहा है।