रुद्रपुर। कोटेदारों ने मांगों के समर्थन में बुधवार से अगस्त माह के अनाज वितरण का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
खाद्य एवं रसद विभाग ने पांच से 18 अगस्त तक अनाज वितरण का कार्यक्रम निर्धारित किया है मगर मांगों पर कोई निर्णय नहीं होने से प्रदेशभर के कोटेदार हड़ताल पर रहेंगे।
कोटेदारों का कहना है कि पूर्व में ही शासन और विभाग को चेतावनी दे दी थी कि यदि 200 रुपये प्रति क्विंटल लाभांश सहित अन्य लंबित मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो अगस्त माह के अनाज का वितरण नहीं करेंगे।
जिलाध्यक्ष विश्वजीत मणि त्रिपाठी ने बताया कि 28 जुलाई को लखनऊ में प्रदेशभर के कोटेदारों ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान शासन स्तर से मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था मगर शासनादेश या निर्णय जारी नहीं किया गया है। इससे कोटेदारों में नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि मांगों पर ठोस निर्णय होने तक हड़ताल जारी रहेगी और अनाज वितरण नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से कोटेदारों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की। संवाद