सरांव में रास्ते के विवाद में फायरिंग, मारपीट में पिता-पुत्र समेत तीन घायल
एकौना। सरांव खुर्द गांव में रास्ते के विवाद को लेकर शुक्रवार को मारपीट के दौरान फायरिंग की गई। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी है। घटना में पिता-पुत्र सहित तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर में भर्ती कराया।
गांव में शंभुशरण तिवारी (65) और नंदू यादव के परिवार के बीच घर के बगल से जाने वाले रास्ते को लेकर विवाद है। एक पक्ष के लोग विवादित जमीन से सट कर सब्जी की बुआई कर रहे थे। दूसरे पक्ष के लोग रोकने लगे। देखते ही देखते दोनों से तरफ से कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। एक-दूसरे पर लोग लाठी डंडे लेकर टूट पड़े। आरोप है कि एक पक्ष के एक युवक ने चार राउंड फायरिंग की। फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने के पहले ही एक तरफ के लोग फरार हो गए। पुलिस घटना में घायल शंभुशरण तिवारी उनके बेटे संदीप तिवारी (28) और नैंशी तिवारी (15) पुत्री मुन्ना को अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष रामगिरीश चौहान ने कहा कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। गोली चलने की सूचना की जांच की जा रही है।