संवाद न्यूज एजेंसी
एकौना। राम राज्याभिषेक जुलूस पर नौ अक्टूबर की शाम पथराव कर मुकुट लूट ले जाने के दस दिन बाद दोबारा मुकुट आने पर भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का मंचन हुआ।
खाकी के सख्त पहरे में गांव के सरयू दास बाबा मंदिर पर आयोजित रामलीला में श्रीराम के गद्दी पर बैठते ही रामराज बैठे त्रिलोका. की चौपाईयां गूंजने लगी। वहीं पचलड़ी में भी रामलीला मंचन में विधिवत पूजन अर्चन कर राम का राज्याभिषेक कराया गया। एकौना में रावण पुतला दहन के बाद प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान और अंगद की झांकी निकली थी। भ्रमण के दौरान कुछ उपद्रवियों ने श्रीराम और लक्ष्मण का पात्र निभा रहे बाल कलाकारों पर हमला कर घायल कर दिया।
इस दौरान वह मुकुट और चंदा की रकम भी लूट ले गए। मामले में पुलिस ने 12 नामजद सहित 37 लोगों पर केस दर्ज कर पांच को गिरफ्तार किया। रामलीला समिति के सदस्यों ने नए मुकुट का व्यवस्था कर राज्याभिषेक कराया। इस दौरान गांव में पुलिस और पीएसी भी मौजूद रही। इस अवसर पर अतुल पाण्डेय, विनोद पाण्डेय, रितेश पाण्डेय, प्रमोद पांडेय, राजन पांडेय, गोविन्द, गणेश,अभिषेक, विनोद यादव आदि मौजूद रहे।