91 रुद्रपुर के बस स्टेशन परिसर में भरा पानी 92 रामलक्षन चौराहे पर बारिश की पानी से डूबी सड़क की पटरी
- फोटो : DEORIA
पानी से लबालब हुईं सड़कें, बसस्टैंड बना तालाब
रुद्रपुर में जलनिकासी की व्यवस्था चरमराई
अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रपुर/रामलक्षन। नगर में भीषण बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जल निकासी की लचर व्यवस्था से लोगों के मकान और दुकान पानी से घिरे हैं। नगर और क्षेत्र की कई सड़कें पानी से लबालब हो गई हैं। रुद्रपुर के बस स्टैंड में जलभराव से पूरा परिसर तालाब में तब्दील हो गया है।
चार दिन से हो रही भीषण बारिश से नगर के कई मोहल्लों में पानी भर गया है। आजाद नगर, मलहटोली, लालाटोली वार्ड, चौहट्टा वार्ड, नसहरा वार्ड में कई मकान चारों ओर पानी से घिरे हैं। यहां लोगों को संक्रामक रोग फैलने की चिंता सता रही है। कोरोना से लड़ रही रुद्रपुर की आधी आबादी जलभराव से अपने घरों में कैद है। सड़कों पर पानी भरने से आएदिन दुकानदारों की दुकानों में पानी घुस रहा है। वहीं, क्षेत्र के रामलक्षन चौराहे पर सड़क की पटरी पर पानी भर जाने से दुकानदार परेशान हैं। यहां बैंक और दुकानों में पानी घुसा है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्यामजी जायसवाल, गोपाल गुप्ता, रमेश गुप्ता, सौरभ गुप्ता आदि ने कहा कि बरसात के पहले नगर पंचायत प्रशासन ने जाम नालियों को साफ नहीं कराया। इसका खामियाजा दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है। ईओ से शिकायत करने पर वह गैरजिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं। व्यापारियों ने एसडीएम से नगर की जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। इस बाबत ईओ उपेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि जलभराव की समस्या का स्थायी निदान सोचा जा रहा है। फिलहाल, सारी नालियों को साफ करा दिया गया है। पानी धीरे-धीरे निकल रहा है।