फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: कच्ची के धंधे पर धावा, 70 टीन लहन बरामद

विज्ञापन
भट्ठियां नष्ट करते ग्रामीण।
विज्ञापन
तरकुलवा। थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसिया में मंगलवार को सुबह कच्ची शराब का धंधा करने वालों के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया। गांव के युवकों ने नहर किनारे बड़े पैमाने पर चलाई जा रही शराब की भट्ठियों को तोड़कर नष्ट किया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस और आबकारी विभाग को की टीम को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस व आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध 70 टीन लहन बरामद किया।
विज्ञापन

इस दौरान टीम ने 27 लीटर अवैध शराब के साथ दो महिलाओं व एक पुरुष को भी गिरफ्तार किया है। इसके बाद गांव के युवकों ने आबकारी विभाग की टीम को कंचनपुर न्यू सीएचसी के पास झाड़ी में चलाए जा रहे अवैध शराब के अड्डे पर ले गए, जहां से भारी मात्रा में लहन और कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने तीनों आरोपियों पर आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसिया, हनुमानगंज, कंचनपुर, कोन्हवलिया, सिरवानिया, रतनपुरा आदि गांवों में बड़े पैमाने पर कच्ची शराब का धंधा फल-फूल रहा है। शाम ढलते ही इन गांवों में आसपास के गांवों के लोगों का आना-जाना शुरू हो जाता है। बताया जाता है कि गांव के बाहर सुनसान स्थानों और झाड़-झंखाड़ वाले इलाकों और छोटी गंडक नदी के किनारे कच्ची शराब के अड्डों पर व घरों में बेखौफ होकर कच्ची शराब परोसी जाती है। हरपुर निजाम पश्चिम टोला व सिरसिया गांव के लोगों का आरोप है कि अवैध कच्ची शराब के कारोबार के कारण गांव की छवि खराब हो रही है। यहां तक कि शादी-विवाह के रिश्ते आने भी कम हो गए हैं, जिससे बच्चे-बच्चियों के रिश्ते ढूंढ़ना मुश्किल हो गया है। इससे तंग आकर मंगलवार की सुबह ग्राम पंचायत सिरसिया के प्रधान राजकुमार जायसवाल, दिग्विजय आर्य, शिवानंद गुप्त, प्रमोद मद्देशिया, अंकित कुशवाहा, अजीत प्रसाद, दीपू, धन्नू सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण अबैध कच्ची शराब के कारोबार पर धावा बोल दिए। गुस्साए लोगों ने शराब की भट्ठियां तोड़ना शुरू कर दी। इस दौरान कुछ देर तक अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और आबकारी विभाग की टीम को दे दी । इसके बाद मौके पर पहुंची आबकारी निरीक्षक सुधीर सिंह के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम व पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू की। जिसमें थाना क्षेत्र के हनुमानगंज की रहने वाली बर्फी देवी पत्नी धर्मेंद्र और उदासी देवी पत्नी सुरेंद्र को आठ-आठ लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। टीम ने यहां से भारी मात्रा में लहन भी बरामद किया। सिरसिया गांव के युवक आबकारी विभाग की टीम को लेकर कंचनपुर न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास पहुंचे। जहां अस्पताल के बगल में झाड़ियों में बड़े पैमाने पर अवैध शराब के धंधे का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने मौके से 70 टीन के करीब लहन बरामद किया। यहां से कंचनपुर निवासी राकेश पुत्र राजवंशी को नौ लीटर कच्ची शराब के साथ दबोचा।
विज्ञापन

थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि छापेमारी में तीन लोगों को 27 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें