देवरिया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्रश्न पत्रों को भेजने का काम शनिवार को शुरू हो गया। पहले दिन 60 परीक्षा केंद्रों के प्रश्न पत्र भेजे गए। इस दौरान सुरक्षा का पर्याप्त इंतजाम रहा।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 174 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर 1.15 लाख परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए पंजीकृत हैं। इसके लिए बोर्ड ने पिछले सप्ताह राजकीय इंटर कालेज में बनाए गए जिलास्तरीय स्ट्रांग रूम में प्रश्न पत्र भेज दिए थे। इसे कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। शनिवार से इन प्रश्न पत्रों को परीक्षा केंद्रों को भेजने का कार्य शुरू कर दिया गया। नगर के आसपास के परीक्षा केंद्रों के प्रश्न पत्र कार से भेजे गए। प्रत्येक कार में एक सिपाही और एक राजकीय शिक्षक को भेजा गया। वहीं शहर से दूर के परीक्षा केंद्रों के प्रश्न पत्र बसों से भेजे गए। सभी वाहनों पर राजकीय कार्य का स्टीकर चिपकाया गया था। इनमें एक से अधिक परीक्षा केंद्रों के प्रश्न पत्र अपलोड किए गए। इसे रूट के अनुसार अपलोड किया गया। एक रास्ते पर पड़ने वाले परीक्षा केंद्रों के प्रश्न पत्र एक बस से भेजे गए। दूसरे रास्ते के प्रश्न पत्र दूसरी बस से भेजे गए। राजकीय इंटर कालेज के स्ट्रांग पर प्रश्न भेजने के कार्य की निगरानी सह जिला विद्यालय निरीक्षक राम नगीना भारती और जीआईसी के उप प्रधानाचार्य ज्ञानेंद्र पांडेय ने की। इनके सहयोग में अन्य शिक्षक भी तैनात रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक शिवनारायण सिंह ने बताया कि प्रश्न पत्रों को पूरी सुरक्षा के साथ राजकीय कालेज के शिक्षक द्वारा परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है।