क्वारंटीन सेंटर पर भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल
क्वारंटीन सेंटर पर भोजन का बहिष्कार
एसडीएम ने सहयोग की अपील की
रुद्रपुर(देवरिया)। आदर्श जूनियर हाई स्कूल के क्वारंटीन सेंटर के लोगों ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर हंगामा किया। उन्होंने प्रशासन पर खराब खाना खिलाने का आरोप लगाया। लोगों के भोजन नहीं करने पर एसडीएम ओमप्रकाश क्वारंटीन सेंटर पहुंचकर, वहां रहने वाले लोगों को समझाकर देकर सहयोग करने की अपील की। बावजूद इसके तीन लोगों ने भोजन का बहिष्कार कर दिया।
क्वारंटीन सेंटर में नगर के 11 लोग क्वारंटीन हैं। यहां भोजन कराने के लिए एक दुकानदार को ठेका दिया गया है। प्रशासन की ओर से एक व्यक्ति को एक वक्त भोजन कराने के लिए 30 रुपये खर्च किए जा रहे हैं। ऐसे में भोजन की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। मंगलवार को भोजन में चावल सब्जी दी गई। क्वारंटीन लोगों ने भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं होने पर भोजन का बहिष्कार किया। उनमें से कुछ लोग अपने घर से भोजन मंगा रहे हैं। वहीं पांच लोगों के घर से पहले से भोजन आ रहा है। एसडीएम ने कहा कि गुणवत्ता युक्त भोजन बनाने के निर्देश दिए गए हैं। क्वारंटीन सेंटर पर निर्धारित दर से अच्छा भोजन देने का प्रयास हो रहा है। अब घर की तरह भोजन नहीं मिल पाएगा। वहां 14 दिन काट रहे लोगों से सहयोग की अपेक्षा है।
अब भोजन पर 40 रुपये खर्च करेगा प्रशासन
रुद्रपुर। क्वारंटीन लोगों के एक टाइम के भोजन पर अब 40 रुपये खर्च होंगे। मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय से जारी संशोधित आदेश में तहसील में स्थित क्वारंटीन सेंटरों पर एकांत वास कर रहे लोगों को एक टाइम के भोजन पर 40 रुपये खर्च करने का निर्देश दिया गया है। यह जानकारी क्वारंटीन सेंटर के प्रभारी ने दी।